Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में अगले 4 दिन उमस भरी गर्मी:मानसून सिस्टम एक्टिव नहीं होने से धीमा पड़ेगा बारिश का दौर, वातावरण में नमी का स्तर ज्यादा होने से बढ़ेगी परेशानी

जयपुर

राजस्थान में अगले 4 दिन उमस और गर्मी से परेशान होना पड़ सकता है। प्रदेश में फिलहाल किसी तरह का मानसून सिस्टम एक्टिव नहीं है। इसके कारण अगले 4 दिन बारिश की गतिविधियां धीमी रहेंगी। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश को छोड़कर शेष जगह आसमान साफ रहेगा। वातावरण में नमी होने के कारण उमस और गर्मी जरूर बढ़ जाएगी।

जयपुर मौसम विभाग में वैज्ञानिक हिमांशु शर्मा के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान में शनिवार और रविवार को जरूर कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार से बारिश की गतिविधियां लगभग थम जाएंगी। पश्चिमी राजस्थान में भी अगले 4-5 दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से नमी वाली हवाएं आ रही हैं। परिसंचरण तंत्र (सर्कुलेट्री सिस्टम) नहीं बनने से बारिश नहीं होगी। इस कारण तामपान में भी 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रतापगढ़ में 4 इंच बारिश
पिछले 24 घंटे में राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में भारी बारिश दर्ज हुई है। यहां 100MM (4 इंच) पानी गिरा है। इसके अलावा नागौर के नावां में 56MM, खींवसर में 30, मूंडवा में 31, जालौर में 44, सांचौर में 34, बीकानेर के डूंगरगढ़ में 62, चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी 40, चूरू के सरदार शहर 47, पाली के जवाई डेम में 40, उदयपुर के वल्लभनगर में 28 और कोटा के डिंगोद में 29MM बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा करौली, जोधपुर, सीकर, सिरोही, भीलवाड़ा, बाड़मेर और अलवर के कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है।

बीसलपुर, जवाई बांध में आया पानी
अजमेर, जयपुर, पाली, टोंक जिले की जनता के लिए राहत की खबर है। पिछले दिनों टोंक, भीलवाड़ा, पाली क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के बाद बीसलपुर और जवाई बांध में पानी की आवक हो रही है। पाली के जवाई बांध का गेज 25 सेमी. बढ़ गया। बांध के आसपास कैचमेंट एरिया में कल 40MM बारिश से बांध में पानी आया। इसी तरह भीलवाड़ा, राजसमंद क्षेत्र में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद त्रिवेणी नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे बीसलपुर बांध में पानी की आवक लगातार हो रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान बांध का गेज 13 सेमी. बढ़कर 311.73 मीटर पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *