Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

IPL में आज विराट Vs रोहित महामुकाबला:मुंबई की नजरें टॉप-4 में वापसी करने पर, UAE में हार की हैट्रिक से बचने उतरेगी बेंगलुरु की टीम

दुबई

IPL फेज-2 में रविवार को दिन के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के मौजूदा और भविष्य के कप्तान के बीच भिड़ंत होगी। यानी विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस के बीच महामुकाबला। प्ले ऑफ में पहुंचने के नजरिए से यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम है।

मुंबई की टीम अभी 9 मैचों से 8 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। वहीं, बेंगलुरु की टीम 9 मैचों से 10 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है। मुंबई जीती तो टॉप-4 में वापसी कर लेगी। बेंगलुरु जीती तो तीसरे स्थान पर उसकी स्थिति और मजबूत हो जाएगी। हालांकि UAE की परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। फेज-2 में दोनों को लगातार दो-दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

हार्दिक पंड्या कर सकते हैं वापसी
मुंबई के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोटिल होने के कारण पहले दो मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। मुंबई की टीम के संतुलन पर इसका असर भी देखा गया। माना जा रहा है कि पंड्या काफी हद कर फिट हो चुके हैं और वे बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं।

सूर्यकुमार और किशन की फॉर्म चिंता का सबब
पिछले साल मुंबई की खिताबी जीत में सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन का काफी योगदान रहा था। ये दोनों ऐसे बल्लेबाज हैं जो पहली गेंद से पावर हिटिंग कर सकते हैं, लेकिन फेज-2 में UAE की कंडीशंस में ये दोनों संघर्ष करते हुए दिखे हैं। ईशान किशन ने पिछली दो पारियों में 11 और 14 रन बनाए हैं। वहीं, सूर्यकुमार ने 3 और 5 रनों का योगदान किया है। अगर ये दोनों बल्लेबाज रंग में नहीं लौटे तो मुंबई के लिए बड़ा स्कोर बनाना या बड़े स्कोर का पीछा करना मुश्किल हो सकता है।

मिडिल ओवर्स में एबी का अच्छा प्रदर्शन जरूरी
बेंगलुरु के दोनों ओपनर्स कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ठीक-ठाक लय में दिख रहे हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर में एबी डिविलियर्स के अच्छे योगदान के बिना टीम की बैटिंग स्ट्रगल करती दिखती है। इस सीजन में पावर प्ले के बाद के ओवर्स में बेंगलुरु ने कुल 907 रन बनाए हैं। इनमें से 219 रन अकेले एबी ने बनाए हैं।

विराट बना सकते हैं टी-20 में 10 हजार रन
फेज-2 की शुरुआत में विराट कोहली को टी-20 फॉर्मेट में अपने 10 हजार रन पूरे करने के लिए 71 रनों की जरूरत थी। दो मैच बीत जाने के बाद भी वे इस माइलस्टोन तक नहीं पहुंच पाए हैं। अब उन्हें 13 रनों की और जरूरत है। विराट अगर इतने रन बना लेते हैं तो वे टी-20 में 10 हजार रन बनाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *