Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

IPL फेज-2 सुपर संडे फैंटेसी-11:CSK-KKR के मैच में अय्यर और ब्रावो पर रहेगी नजर; RCB के लिए कोहली दिला सकते हैं पॉइंट्स

IPL 2021 फेज-2 में आज डबल हैडर का दिन है। दिन का पहला मुकाबला चेन्नई और कोलकाता के बीच खेला जाएगा, जबकि शाम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने मुंबई इंडियंस की चुनौती होगी। चलिए जानने की कोशिश करते हैं कि इन दोनों हाईवोल्टेज मैचों में फैंटेसी-11 के लिहाज से कौन-कौन से खिलाड़ी अहम हो सकते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स Vs कोलकाता नाइट राइडर्स
विकेटकीपर– फैंटेसी-11 में बतौर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को शामिल किया जा सकता है। फेज-2 में अभी तक कार्तिक को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला है, लेकिन वह मौका मिलने पर ज्यादा पॉइंट्स दिला सकते हैं।

बैटर– CSK और KKR के बीच ये मुकाबला अबुधाबी के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच में बतौर बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस, ऋतुराज गायकवाड़, वेंकटेश अय्यर और राहुल त्रिपाठी को शामिल कर सकते हैं। ये चारों खिलाड़ी फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं। डु प्लेसिस और ऋतुराज CSK को बढ़िया शुरुआत दिला रहे हैं। वहीं पिछले मुकाबले में अय्यर और त्रिपाठी के बल्ले ने भी खूब आग उगली थी।

ऑलराउंडर्स– ऑलराउंडर्स में आप ड्वेन ब्रावो, मोइन अली और आंद्रे रसेल पर दांव लगा सकते हैं। ब्रावो फेज-2 के दो मैचों में 6 विकेट ले चुके हैं और मोइन अली भी गेंद और बल्ले से करिश्माई प्रदर्शन कर चेन्नई को जीत दिला सकते हैं। रसेल की बात करें तो उनका रिकॉर्ड CSK के खिलाफ बहुत बढ़िया रहा है। CSK के खिलाफ रसेल ने 172.84 के स्ट्राइक रेट से 280 रन बनाए हैं और 10 मैचों में सात विकेट भी लिए हैं।

बॉलर्स– बॉलिंग डिपार्टमेंट में वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा और दीपक चाहर आपको पॉइंट्स दिला सकते हैं। ये तीनों गेंदबाज फिलहाल फॉर्म में हैं। फेज-2 में अभी तक चक्रवर्ती और कृष्णा 3-3 विकेट ले चुके हैं। वहीं, दीपक के खाते में भी 3 विकेट आई हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु Vs मुंबई इंडियंस
विकेटकीपर
– इस मैच के लिए बतौर विकेटकीपर एबी डिविलियर्स और क्विंटन डी कॉक को फैंटेसी-11 का हिस्सा बनाया जा सकता है। मुंबई के लिए डी कॉक ने पिछले मैच में शानदार फिफ्टी लगाई थी, जबकि डिविलियर्स का अनुभव RCB के लिए फायदे का सौदा हो सकता है।

बैटर– बतौर बल्लेबाज विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव पर दांव लगाया जा सकता है। कोहली ने पिछले मैच में शानदार बैटिंग करते हुए 53 रन बनाए थे, जबकि मैक्सवेल मुंबई के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। मुंबई के लिए रोहित और सूर्यकुमार पारियां खेल सकते हैं। हिटमैन ने RCB के खिलाफ 28 मैचों में 716 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव भी कोहली एंड कंपनी के खिलाफ 137.16 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं।

ऑलराउंडर– बतौर ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या पर दांव लगाया जा सकता है। पंड्या ने RCB के खिलाफ 106 रन बनाने के साथ 10 विकेट चटकाए हैं। खास बात ये हैं कि क्रुणाल चार बार डिविलियर्स और एक बार कोहली को आउट कर चुके हैं।

बॉलर्स– गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया जा सकता है। चहल का प्रदर्शन मुंबई के खिलाफ शानदार रहा है और उन्होंने 14 मैचों में 19 विकेट हासिल किए हैं। सिराज ने भी मुंबई के खिलाफ 7 मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं। बुमराह और चाहर इस सीजन में अभी तक मुंबई के लिए 11-11 विकेट ले चुके हैं और RCB के खिलाफ यह जोड़ी काफी घातक सिद्ध हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *