सीमा सन्देश न्यूज
सूरतगढ़। शासन व प्रशासन के लिए चुनौती बनी रीट परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न होने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। दूरदराज से आए अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों के लिए शहर ने भी पलक पावड़े बिछा दिए। एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर आवास सहित भोजन व चाय-नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई। परीक्षा केन्द्रों के बाहर भी चाय-नाश्ते, भोजन पैकेट व शिकंजी आदि वितरित की जा रही थी। कई स्थानों पर हेल्प सेंटर बना कर अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया गया। परीक्षा के लिए मानकसर के राजकीय विद्यालय के अलावा शहर में पांच सेंटर बनाएं गए।
उपखंड अधिकारी कपिल यादव, तहसीलदार हाबूलाल मीणा, पुलिस उपाधीक्षक शिवरतन गोदारा, सिटी थानाधिकारी रामकुमार लेघा, सदर थाना प्रभारी सुभाष बरोला, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र गोदारा आदि भी लगातार परीक्षा केंद्रों सहित शहर का जायजा ले रहे थे। नगरपालिका अध्यक्ष मास्टर ओमप्रकाश कालवा भी लगातार व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद रहे। मानकसर ने ग्रामीणों ने सभी व्यवस्था कर मिशाल कायम की। सनसिटी रिसोर्ट में श्री श्याम सखा व महिला मंडल, श्री माहेश्वरी भवन, संत निरंकारी भवन, श्री अग्रसेन भवन, अरोड़वंश भवन, श्री सैन मंदिर व धर्मशाला, ब्राह्मण धर्मशाला, स्वामी धर्मशाला, कुम्हार धर्मशाला, वीर तेजाजी जाट संस्थान, श्री बिश्नोई मंदिर व धर्मशाला, गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा में संबंधित समाज व संस्थान की ओर भोजन, चाय-नाश्ते आदि की माकूल व्यवस्था की गई। श्री महावीर इंटरनेशनल की ओर से श्री हनुमानजी खेजड़ी चौराहे पर चाय-नाश्ता, राठी स्कूल के आगे मील परिवार की ओर से नाश्ता, भाजपा युवा मोर्चा ने चाय, श्री हरप्रभ आश्रम ने भोजन के पैकेट वितरित किए।
संयुक्त रेल संघर्ष समिति ने रेलवे स्टेशन पर भोजन के पैकेट उपलब्ध करवाए। वृक्ष मित्र व स्काउट गाइड के सदस्यों ने हेल्प डेस्क लगाकर सहयोग किया। शाम को परीक्षा संपत्र होने के बाद बस स्टाप व रेलवे स्टेशन सहित कस्बे में यातायात पुलिस प्रभारी मूलसिंह शेखावत के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था बनाई गई।