Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आज से 10 अप्रेल तक अभियान:मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना; लाभार्थियाें काे मिलेगा 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज

हनुमानगढ़

  • पंजीकरण के लिए आज से वार्ड व पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर, ई-मित्र केंद्र पर भी करवा सकेंगे पंजीकरण

यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज लागू करने को लेकर 1 मई 2021 से मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना की शुरुआत की जाएगी, जिसे लेकर निर्धारित पात्र लाभार्थी परिवारों का एक अप्रैल से पंजीयन शुरू हाेगा। पंजीयन को लेकर शहर व गांव स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।

कलेक्टर जाकिर हुसैन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को गाइडलाइन के मुताबिक निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना के तहत पात्र परिवारों का पंजीयन करने को लेकर गुरुवार से शुरू किए जाने वाला विशेष अभियान 10 अप्रेल तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर पंजीयन शिविर लगाए जाएंगे, जहां योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थी परिवारों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। साथ ही दूरस्थ गांव में भी सार्वजनिक स्थल पर यथा स्कूल अथवा ई मित्र केंद्र पर भी यह शिविर आयोजित किया जा सकेगा।

शिविर की संपूर्ण व्यवस्था ग्राम विकास अधिकारी की रहेगी। वहीं लघु एवं सीमांत किसानों के जमाबंदी की प्रतिलिपि जारी करने का काम पटवारी तथा लघु एवं सीमांत कृषकों को जागरूक कर शिविर स्थल तक लाने की जिम्मेदारी कृषि पर्यवेक्षक की रहेगी। वहीं शिविर का व्यापक प्रचार-प्रचार तथा मोबिलाइजेशन का काम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी व एएनएम के जिम्मे व लाभार्थियों के पंजीयन करने की जिम्मेदारी ई-मित्र संचालक की रहेगी। शहरी क्षेत्रों में वार्ड वार पंजीयन शिविर के आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं नगरीय निकाय द्वारा की जाएगी। योजना में पंजीयन कराने के लिए जन आधार कार्ड, जन आधार कार्ड नंबर, जन आधार पंजीयन रसीद एवं आधार कार्ड नम्बर होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सभी पंजीयन शिविर स्थलों पर कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर निर्धारित गाइडलाइन की पूरी पालना की जाएगी।

ये रहेंगे योजना के पात्र लाभार्थी, बीमा पाॅलिसी का ई मित्र केंद्र से ले सकेंगे प्रिंट
राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एंजेसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरूणा राजोरिया ने बताया किि योजना का लाभ जनआधार कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा। लाभार्थी परिवार के जन आधार कार्ड पर पात्रता श्रेणी ही सीडिंग होना आवश्यक है। योजना में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्र परिवार, सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के पात्र परिवार, राज्य के समस्त विभागों में कार्यरत संविदा कार्मिक, लघु एवं सीमांत कृषक लाभान्वित होंगे। इनके अतिरिक्त राज्य के अन्य परिवार जिनको वर्तमान में राज्य/केंद्र सरकार द्वारा मेडिक्लेम/मेडिकल अटेन्डेंस नियमों के अंतर्गत लाभ नहीं मिल रहा है, वे भी प्रीमियम की 50 प्रतिशत राशि जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पात्र परिवार को रूपए 500000 तक का कैशलेस इलाज का लाभ मिलेगा। जन आधार कार्ड/भामाशाह कार्ड पर अंकित परिवार पहचान संख्या अथवा जन आधार कार्ड पंजीयन रसीद को योजना के सॉफ्टवेयर में दर्ज करने पर योजनान्तर्गत चयनित श्रेणी का विवरण प्रदर्शित होने पर ही परिवार को योजना में लाभ दिया जा सकेगा।

पात्र परिवारों का योजना के सॉफ्टवेयर पर पंजीयन उपरांत संलग्न प्रारूप दस्तावेज डाउनलोड कर प्राप्त किया जा सकता है, जिसमें लाभार्थी परिवार के जन आधार एवं पॉलिसी विवरण दर्ज होगा। लाभार्थी ई-मित्र कियोस्क को निर्धारित शुल्क का भुगतान कर पॉलिसी दस्तावेज का प्रिंट ले सकेंगे। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी परिवार को योजना की जानकारी देने के लिए एक पम्फ्लेट भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *