Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खुले 1 से 5वीं तक के स्कूल, पहले दिन पहुंचे चुनिंदा विद्यार्थी

  • करीब 18 माह बाद खुले प्राइमरी स्कूलों में आॅड-ईवन फॉमूर्ले पर प्रवेश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    प्रदेश में कोरोना संक्रमण का असर कम होने के साथ ही सोमवार से प्राइमरी स्कूल खुल गए। सरकार के आदेश के बाद सोमवार को विद्यालय पहुंचे कक्षा पहली से 5वीं तक के विद्यार्थियों को आॅड-ईवन फॉमूर्ले पर प्रवेश दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के हाथों को सेनेटाइज करवाया गया। इसके बाद उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग के साथ क्लास में बैठाया गया। इससे पहले विद्यार्थियों का टेम्परेचर चेक कर उन्हें स्कूल में प्रवेश दिया गया। टीचर ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। बिना मास्क पहुंचे बच्चों को मास्क वितरित किए। बच्चों के साथ टीचर भी स्कूल खुलने से काफी उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना, मास्क पहनने सहित अन्य गाइड लाइन की पालना का भी पाठ पढ़ाया। साथ ही स्कूलों में कोरोना गाइड लाइन की पालना करने संबंधी बैनर लगाए गए हैं। सरकार ने भले ही कक्षा पहली से 5वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। लेकिन अब भी अभिभावक छोटे बच्चों को स्कूल भेजने से हिचक रहे हैं। इस वजह से सोमवार को पहले दिन पहली से 5वीं तक के चुनिंदा बच्चे ही आॅफलाइन पढ़ाई करने विद्यालय पहुंचे। उधर, सोमवार को कई निजी स्कूल संचालकों की ओर से भारत बंद को समर्थन देने के लिए कई निजी स्कूलों में सभी कक्षाओं की छुट्टी रही। सरकार के आदेशों के तहत लंबे समय बाद खुले कक्षा पहली से पांचवीं तक के स्कूलों में फिलहाल 40 प्रतिशत विद्यार्थियों को ही हर दिन क्लास में बुलाया जाएगा। हर दिन अलग बैच के बच्चों को पढ़ाया जाएगा। फिलहाल छात्रों का स्कूल आना अनिवार्य नहीं किया गया है। ऐसे में विद्यार्थी घर बैठकर भी आॅनलाइन शिक्षा ले सकेंगे। वहीं जो छात्र स्कूल आ रहे हैं, वह बिना यूनिफार्म में भी आ सकेंगे। स्कूलों में फिलहाल कोरोना के मद्देनजर कैंटीन को बंद रखा गया है। इस दौरान स्कूलों में विद्यार्थियों से घर से ही पानी की बोतल और भोजन लाने की अपील की गई है। ताकि बेवजह विद्यार्थी क्लास रूम से बाहर न निकलें। सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप दो पारी में स्कूल खोले जाएंगे। फिलहाल विद्यार्थियों के लिए ट्रांसपोर्ट फैसिलिटी शुरू नहीं की गई है। ऐसे में स्कूल के आॅटो और बस के जरिए विद्यार्थी स्कूल नहीं आ पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *