अजमेर
अजमेर सहित जिले में चोरी की घटनाएं आम है, लेकिन गुरुवार रात जिले के ऐसे गांव में चोरी हुई, जहां बीते 50 सालों में कोई चोरी की वारदात नहीं हुई। ऐसे में इस भगवानपुरा गांव में चोरी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। चोर यहां से साढे़ तीन लाख नकद, 7 किलो चांदी व 4 तोला सोने के जेवरात चुरा ले गए। कुल 10 लाख का सामान और कैश चोरी किया गया। वारदात के दौरान सभी घर वाले कमरे को ताला लगाकर घर के बाहर ही सो रहे थे। सुबह जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। गांव के बाहर लगे CCTV में पुलिस को 3 मोटरसाइकिल पर आए 4 युवक भी दिखे हैं। जिन पर शक है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिजयनगर के सथाना ग्राम पंचायत के भगवानपुरा में शिवचरण पुत्र गोपाल जाट ने बिजयनगर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि चोरों ने मकान के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सामान पार किया। अंदर रखे करीब 3 लाख 55 हजार रुपये, 7 किलो वजनी चांदी व 40 ग्राम वजनी सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मकान मालिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।