नई दिल्ली
गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जल जीवन मिशन ऐप और नेशनल जल जीवन कोष लॉन्च किया। इस ऐप से लोगों को वॉटर सप्लाई और वॉटर क्वालिटी की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का विजन सिर्फ लोगों तक पानी पहुंचाने का ही नहीं है। ये विकेंद्रीकरण का भी एक बहुत बड़ा मूवमेंट है। इसका मुख्य आधार जन आंदोलन और जन भागीदारी है।
पीएम ने कहा कि बहुत कम लोगों के मन में ये सवाल उठता है कि इन लोगों को हर दिन किसी नदी या तालाब तक क्यों जाना पड़ता है। आखिर पानी क्यों नहीं इन लोगों तक पहुंचता है। जिन लोगों पर लंबे समय तक नीति निर्धारण की जिम्मेदारी थी उन्हें ये सवाल खुद से जरूर पूछना चाहिए था लेकिन ये सवाल नहीं पूछा गया।
पीएम ने कहा कि 2019 तक 3 करोड़ घरों तक पाइप कनेक्शन आता था। 2019 में जल जीवन मिशन लॉन्च होने के बाद सिर्फ दो साल में ही 5 करोड़ घरों को पाइप कनेक्शन दिया गया। जितना 70 साल में हुआ, उससे ज्यादा हमने दो साल में कर दिया।