नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से प्रियंका ने अपना असम दौरा रद्द कर खुद को होम आइसोलेट कर लिया है।
प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि हाल में कोरोना संक्रमण के संपर्क में आने के चलते मुझे अपना असम दौरा रद्द करना पड़ रहा है। मेरी कल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है मगर डॉक्टरों की सलाह पर मैं अगले कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहूंगी।
प्रियंका की आज असम में 3 रैलियां थीं। पहली रैली गोलपारा ईस्ट, दूसरी गोलकगंज और तीसरी सारूखेत्री में होने वाली थी। सभी को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
देश में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गुरुवार को 81,398 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 50,384 मरीज ठीक हुए और 468 लोगों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक ही दिन में 30,543 की बढ़ोतरी हुई।
गुरुवार को नए केस का आंकड़ा 1 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा रहा। तब 81,785 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी 450 के पार रहा। इससे एक दिन पहले ही 458 लोगों ने दम तोड़ा था।