भारत के युवा क्रिकेटर अवि बरोट का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह महज 29 वर्ष के थे। अवि बरोट सौराष्ट्र के लिए क्रिकेट खेलते थे। उनके निधन की जानकारी खुद सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने दी। भारत के पूर्व अंडर-19 कप्तान रहे बरोट साल 2019-20 में रणजी ट्रॉफी का फाइनल जीतने वाली सौराष्ट्र क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा उन्होंने इसी वर्ष जनवरी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया था। उनके आकस्मिक निधन पर सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने गहरा दुख जताया है।