तिरुवनंतपुरम
केरल में भारी बारिश के बाद 5 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। कोट्टायम, पथनमथिट्टा, एर्णाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 7 जिले ऐसे हैं, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, पलक्कड़, मलाप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड शामिल हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें केरल के जिलों में बाढ़ के हालात दिखाए जा रहे हैं। इनमें साफ दिखाई दे रहा है कि सड़कों पर पानी भरा हुआ है और लोग उसमें फंसे हुए हैं। जिन पांच जिलों में भारी बारिश हो रही है, उनमें कोट्टायम भी शामिल है। यहां का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग एक कार को धक्का देते हुए गहरे पानी से बाहर ला रहे हैं।