बारां
बारां जिले के अंता थाना इलाके में मंगलवार देर रात 3 बाइकों पर आए बदमाशों ने सवारियों से भरी रोडवेज बस का पीछा कर पथराव किया। ड्राइवर ने बस दौड़ाई तो बदमाशों ने बाइक लगाकर रोक लिया। पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए। सवारियों में दहशत फैल गई।
हमले में दो सवारियों को चोट आई है। बस के ड्राइवर को उतारकर बदमाश मारपीट करने लगे। इस पर सवारियों ने हिम्मत कर एक बदमाश को पकड़ लिया तो उसके साथी बाइक लेकर फरार हो गए। बस में बैठे लोगों ने लात-घूसों से बदमाश की जमकर पिटाई की। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों ने बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद घायल ड्राइवर को अस्पताल भिजवाया गया। बदमाशों के हमले का वीडियो भी आया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को कोटा से राजस्थान रोडवेज की बस सवारियों को लेकर बारां जा रही थी। इसी दौरान पलायथा के पास ड्राइवर को राजस्थान रोडवेज की दूसरी बस NH-27 पर सुनसान जगह पर खड़ी दिखाई दी, जिसकी लाइट जलती देखकर ड्राइवर ने बस रोकी। जाकर देखने पर ड्राइवर को बस में कुछ लड़के शराब पीते और मोबाइल से सेल्फी लेते दिखे। ड्राइवर ने उन्हें बस से उतरकर जाने का कहा तो लड़कों ने ड्राइवर से गाली गलौज और धक्का-मुक्की कर दी।