नई दिल्ली
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो के ग्राहक घटे हैं। कंपनी ने पिछली तीन तिमाही के दौरान 34 मिलियन (3.4 करोड़) ग्राहक जोड़े थे, लेकिन साल की दूसरी तिमाही में उसे 11.1 मिलियन (1.11 करोड़) ग्राहकों का नुकसान हुआ है। कंपनी ने इसके लिए कोविड-19 महामारी को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद भी जियो नेटवर्क पर डाटा खपत 51% बढ़ी है।
पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के मुकाबले डाटा खपत 50.9 फीसदी बढ़कर, सितंबर तिमाही में 2300 करोड़ GB जा पहुंची। प्रति कनेक्शन डाटा खपत में भी लगातार बढ़ोतरी जारी है। हर जियो ग्राहक ने हर महीने औसतन 17.6GB डाटा का इस्तेमाल किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शुक्रवार को जारी तिमाही रिजल्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं।