Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जोगिंद्रनगर के सैनिक अमित कुमार अरुणाचल प्रदेश में शहीद, नौ माह पहले हुई थी शादी

अरुणाचल प्रदेश में 13 डोगरा रेजीमेंट में तैनात हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर के भटवाड़ा गांव के नायक अमित कुमार की पेट्रोलिंग के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई है। सैनिकों को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया, जिसमें नौ सैनिक घायल हो गए। नायक अमित कुमार को सेना ने युद्ध में हताहत का दर्जा दिया है और 26 अक्तूबर को राजकीय सम्मान के साथ शहादत पाने वाले सैनिक का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। हवाई मार्ग से दिल्ली तक शहीद की पार्थिव देह पहुंचेगी और उसके बाद सेना के एक विशेष वाहन में मंगलवार को जोगिंद्रनगर में 11 बजे पहुंचने की उम्मीद है।

इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देंगे। सैन्य सम्मान भी नायक अमित कुमार को मिलेगा। जोगिंद्रनगर के एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सैनिक की शहादत की पुष्टि करते हुए कहा कि सैनिक के राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सैनिक के परिजनों को दी जा रही है। एसडीएम ने वीर सैनिक की शहादत पर परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का एलान किया है। यह हादसा 23 अक्तूबर का बताया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *