राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आज से, 600 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, टी-शर्ट का विमोचन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। चार दिवसीय राज्य स्तरीय तीरदांजी प्रतियोगिता गुरुवार से शुरू होगी। प्रतियोगिता का आयोजन 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। जिला तीरदांजी संघ की ओर से प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को सूचना केन्द्र में खिलाडिय़ों को संघ की ओर से उपलब्ध करवाई जाने वाली टी-शर्ट का विमोचन किया गया। टीशर्ट का विमोचन मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य जूडो एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष तरुण विजय, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, जिला तीरंदाजी संघ अध्यक्ष तरुण बंसल की ओर से किया गया। इस मौके पर पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने कहा कि हनुमानगढ़ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होने से जिले के खिलाडिय़ों का तीरंदाजी के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। राजस्थान राज्य जूडो एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष तरुण विजय व जिला तीरदांजी संघ जिलाध्यक्ष तरुण बंसल ने बताया कि प्रतियोगिता जूनियर व सीनियर वर्ग में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश से करीब 600 से अधिक खिलाड़ी अपना खेल कौशल दिखाएंगे। प्रतियोगिता में मुकाबलों के लिए खेल मैदान तैयार कराए गए हैं। साथ ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के जिलों से प्रतिभागी खिलाडिय़ों के दलों के ठहरने व भोजन आदि की व्यवस्था भी संघ की ओर से व्यवस्था करवाई गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह गुरुवार सुबह 10.15 बजे राजीव गांधी स्टेडियम में होगा। उद्धाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक चौधरी विनोद कुमार होंगे। अध्यक्षता जिला प्रमुख कविता मेघवाल करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, राजस्थान राज्य जूडो एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष तरुण विजय, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई होंगे। इस मौके पर कोच अमन कड़वा, तीरंदाजी संघ के नायबसिंह, उपाध्यक्ष मदन सुथार आदि मौजूद थे। टी-शर्ट विमोचन के पश्चात संघ पदाधिकारियों की ओर से से स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया गया।