नई दिल्ली
आज धनतेरस है और इस दिन सोना खरीदने का चलन है। ऐसे में अगर आप भी आज सोने में निवेश का मन बना रहे हैं तो इस धनतेरस आप घर बैठे ही सोने में निवेश कर सकते हैं। आप इस बार गोल्ड ETF, गोल्ड म्यूचुअल फंड या पेमेंट ऐप के जरिए गोल्ड में इनवेस्मेंट कर सकते हैं। आज हम आपको इनके बारे में बता रहे हैं।
1. गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (गोल्ड ETF)
सोने को शेयरों की तरह खरीदने की सुविधा को गोल्ड ETF कहते हैं। ये एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड हैं जिन्हें स्टॉक एक्सचेंजों पर खरीदा और बेचा जा सकता है। चूंकि गोल्ड ETF का बेंचमार्क स्पॉट गोल्ड की कीमतें है, आप इसे सोने की वास्तविक कीमत के करीब खरीद सकते हैं। गोल्ड ETF खरीदने के लिए आपके पास एक ट्रेडिंग डीमैट खाता होना चाहिए। इसमें सोने की खरीद यूनिट में की जाती है। इसे बेचने पर आपको सोना नहीं बल्कि उस समय के बाजार मूल्य के बराबर राशि मिलती है।
यह सोने में निवेश के सबसे सस्ते विकल्पों में से एक है। इन्हें शेयरों की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के कैश मार्केट में खरीदा-बेचा जा सकता है। गोल्ड ETF की एक यूनिट एक ग्राम सोने के बराबर होती है, लेकिन गोल्ड ETF में कोई अपर लिमिट नहीं है। गोल्ड ETF में कोई लॉक इन पीरियड नहीं है।