Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दीपोत्सव पर लक्ष्मी पूजन कर सुख समृद्धि की कामना

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दीपोत्सव की रोशनी से हर शय सराबोर रही। घर-प्रतिष्ठान पर गुरुवार को लक्ष्मी पूजन के साथ दीपोत्सव मनाया गया। शुक्रवार को गोवर्धन पूजा हुई। लोगों ने सपरिवार मिठाई, कपड़े, पूजन सामग्री, पटाखों आदि की खरीदारी की। ब्यूटी पार्लर पर रूप निखार के लिए आने वाली महिलाओं की विशेष भीड़ रही। इस बार पटाखा बाजार जंक्शन स्थित गांधीनगर कल्याण भूमि के पीछे स्थित मैदान पर लगाया गया तो टाउन में सेंट्रल पार्क में पटाखों की दुकानें लगी। दीपावली के दिन दोनों ही बाजारों में पटाखे खरीदने की होड़ रही। कानून व्यवस्था के लिए बाजार में जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात रहे। इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पार्किंग स्थल पर वाहन पार्क करवाए गए। इसके अलावा टाउन में कई जगहों पर मुख्य बाजार में वन-वे व्यवस्था की गई। जंक्शन में भी भगतसिंह चौक व बस स्टैंड के आसपास यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था रही तथा अतिरिक्त जाब्ता लगाया गया। बाजार में भीड़ होने तथा कई जगहों पर सड़क पर सामान रखा होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी भी हुई। चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के माहौल का कुछ असर बाजार में दिखा। मिट्टी के दीपक बेचने वाली छोटी-छोटी दुकानें इस बार काफी संख्या में टाउन व जंक्शन के बाजार में लगी। उन दुकानों पर तुलनात्मक रूप से भीड़ भी पहले से अच्छी रही। यद्यपि चीनी लडियों व बल्बों से रोशनी का चलन बंद नहीं हुआ है। इलेक्ट्रिक उत्पादों की दुकानों पर ग्राहकों ने कई तरह की परेशानी से बचने के लिए लडियां भी खरीदी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *