श्रीगंगानगर। प्रथम पातशाही गुरुनानक देव का 553वां प्रकाशोत्सव इस वर्ष भी स्थानीय जी ब्लॉक स्थित गुरुद्वारा श्री गुरूनानक दरबार में 17 से 19 नवंबर तक बड़े श्रृद्धोल्लास पूर्वक मनाया जाएगा।गुरुद्वारा प्रधान गुरबचनसिंह वासन ने आज तीन दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी देते बताया कि 17 नवंबर, प्रातः 9 बजे अखंड पाठ आरंभ होगा।दोपहर 12 बजे नगर कीर्तन निकाला जाएगा। शहर के मुख्य मार्गों व गुरूद्वारों से होता हुआ शाम को नगर कीर्तन वापिस गुरुद्वारा साहब में पहुंचेगा।इस प्रकाशोत्सव के अवसर पर गत एक माह से जारी प्रभातफेरी का समापन भी 17 नवंबर को होगा। अगले दिन 18 नवंबर प्रातः 7 बजे निशान साहिब का चोला चढ़ाने की सेवा की जाएगी। सांय 6 बजे अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के बीच शब्द-कीर्तन गायन के फाइनल मुकाबले होंगे, जिसमें दोनों ग्रुपों के प्रथम विजेता बच्चों को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गोल्ड मेडल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। प्रधान वासन ने बताया कि 19 नवम्बर को दो पारियों में कार्यक्रम होंगे। प्रातः 9.30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। जिसमें श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हुजूरी रागी जत्थे भाई सतविंदरसिंह व भाई सुखजीत सिंह बाबा बकालावाले, हुजूरी रागी भाई हरविंदरसिंह हीरा व कथावाचक भाई संतोख सिंह पटना साहिब वाले सहित स्थानीय रागी जत्थे कथा-कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। सांयकालीन कीर्तन दीवान शाम 6.30 बजे आरंभ होकर देर रात्रि तक चलेगा। उन्होंने बताया कि तीनों दिन गुरू का अटूट लंगर बरताया जाएगा। रात्रि दीवान के दौरान भी चाय का अटूट लंगर बरताया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के समस्त पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।