भीलवाड़ा
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को फोटोग्राफर (23) को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी रविवार रात शादी थी। दुल्हन का गृह प्रवेश आज ही होना था। सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया। ग्रामीण और परिजन शव लेकर एसडीएम ऑफिस के बाहर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार, सरसिया गांव निवासी मुकेश पुत्र सरदार मीणा की रविवार रात को फेरे होने थे। वह फोटोग्राफी का काम करता है। शनिवार को भी किसी शादी में ऑर्डर पर गया था। सुबह वह अपने घर लौट रहा था। तभी गांव के पास बजरी से भरे ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मुआवजे की मांग को लेकर परिजन हंगामा कर रहे हैं। मौके पर अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।