Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

न्याय पाने के लिए कलक्ट्रेट समक्ष भूख हड़ताल पर बैठी महिला

  • सम्पति में से हिस्सा दिलवाने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    दिवंगत पति की सम्पति में से हिस्सा दिलवाने की मांग को लेकर एक बुजुर्ग महिला पूर्व घोषणानुसार बुधवार को जिला कलक्ट्रेट के बाहर भूख हड़ताल पर बैठ गई। महिला ने दो दिन पहले जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंप न्याय न मिलने पर बुधवार से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी थी। जानकारी के अनुसार भूख हड़ताल पर बैठी 62 वर्षीय मैनादेवी पत्नी बृजमोहन निवासी वार्ड नम्बर 36, हनुमानगढ़ टाउन ने बताया कि वह न्याय के लिए भटक रही है, परन्तु उसे न्याय नहीं मिला। उसके पति का स्वर्गवास 2017 में हो चुका है। उसका अपने पति के हिस्से की सम्पति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। उसके देवर अशोक कुमार, देवरानी रमादेवी, राजेन्द्र कुमार व किरणदेवी, नवीश, विक्की पुत्र अशोक कुमार आए दिन उसे तंग-परेशान करते हैं। दुकान नम्बर 42 जिसमें अग्रवाल पुस्तक भण्डार के नाम से अशोक कुमार दुकान कर रहा है। राज बुक डिपो के नाम से उसका देवर राजेन्द्र कुमार दुकान कर रहा है। जबकि इस सम्पति में उसका भी हिस्सा बनता है। मैनादेवी के अनुसार दुकान नम्बर 42 को तोड़ने के आदेश 3 नवंबर 2020 को नगर परिषद आयुक्त की ओर से दिए गए थे लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। नगर परिषद की ओर से उक्त दुकान का कब्जा नहीं दिलवाया जा रहा। क्योंकि उसके देवर अशोक कुमार आदि ऊंची पहुंच वाले व्यक्ति हैं। इसलिए उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। मैनादेवी ने बताया कि जिला स्तरीय सतर्कता समिति अध्यक्ष की ओर से प्रकरण संख्या 24/202 में 1 अक्टूबर 2021 को नगर परिषद आयुक्त को आदेश जारी कर दुकान नम्बर 42 को नियमानुसार तुड़वाने को कहा गया था। परंतु आयुक्त की ओर से आज तक आदेशों की पालना नहीं की गई। न ही आगामी सुनवाई की सूचना दी गई। मैनादेवी ने मांग की कि नगर परिषद आयुक्त को आदेश की पालना करवाने के निर्देश दिए जाएं और उसे उसकी सम्पति में से हिस्सा दिलवाया जाए। वह न्याय न मिलने तक जिला कलक्ट्रेट के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *