भरतपुर
भरतपुर में एक 19 साल की युवती से हुए गैंगरेप के मामले में उच्चैन थाना अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। गैंगरेप पीड़िता जब आरोपियों की शिकायत करने थाने पहुंची तो उसे SHO श्रवण पाठक ने धमका कर वहां से रवाना कर दिया। इसके बाद पीड़िता SP देवेंद्र विश्नोई के पास पहुंची और पूरी घटना के बारे में बताया। इस पर एक्शन लेते हुए एसपी ने देर रात उच्चैन थाना अधिकारी को सस्पेंड कर दिया।
पीड़िता ने एसपी से शिकायत करते हुए बताया की 29 नवंबर को वह कॉलेज जा रही थी। तभी उसी के गांव के रहने वाले दो युवक हिम्मत और भगवान मोटरसाइकिल पर आए। सुनसान इलाके में दोनों ने लड़की का हाथ पकड़ा और उसका मुंह बंद कर उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। हिम्मत ने लड़की के मुंह पर कपड़ा लगाकर उसे बेहोश कर दिया और दोनों युवक लड़की को रूपवास थाना इलाके के जंगलों की तरफ ले गए। जहां उसके साथ दोनों ने दुष्कर्म किया।
जब पीड़िता ने दोनों का विरोध किया दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी की अगर वह किसी को इस घटना के बारे में बताएगी को वह उसके परिवार को जान से मार देंगे।