डोंगहे (दक्षिण कोरिया)
भारतीय महिला हॉकी टीम रविवार को थाईलैंड के खिलाफ एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में उतरेगी तो उसका इरादा शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने का होगा। टोक्यो ओलंपिक में पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहने के बाद भारत का यह पहला टूर्नामेंट है। 2016 में भारत ने जीता था खिताब और तीन साल पहले उपविजेता रही थी।
कप्तान और गोलकीपर सविता ने कहा कि टीम चुनौती के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘टीम का फोकस इस समय अच्छी शुरुआत पर है। यह ओलंपिक के बाद हमारा पहला टूर्नामेंट है और पहले मैच से पूर्व बेचैनी रहती ही है।’ एक पूल की प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, कोरिया, जापान और मलयेशिया भी खेल रहे हैं।