रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने CDS जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश की जानकारी गुरुवार को संसद में दी। वे महज 4 मिनट बोले। इसके बाद संसद ने जनरल रावत समेत सभी सैन्यकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
राजनाथ सिंह, संसद में
‘बड़े भारी और दुखी मन से मैं 8 दिसंबर 2021 की दोपहर में हुई मिलिट्री हेलिकॉप्टर दुर्घटना, जिसमें भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, उनकी पत्नी एवं 12 अन्य सवार थे, के बारे में बताने के लिए आप सब के बीच खड़ा हुआ हूं। जनरल विपिन रावत डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंग्टन के स्टूडेंट ऑफिसर्स से इंटरेक्ट करने के लिए अपने एक शेड्यूल्ड विजिट पर थे।
एयरफोर्स के Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर ने कल 11 बजकर 48 मिनट पर सुलूर एयरबेस से अपनी उड़ान भरी। इसे 12 बजकर 15 मिनट पर वेलिंग्टन में लैंड करना था।
सुलूर एयरबेस के एयरट्रैफिक कंट्रोल ने लगभग 12 बजकर 8 मिनट पर हेलिकॉप्टर से अपना कॉन्टेक्ट खो दिया। बाद में कुन्नूर के पास जंगल में कुछ स्थानीय लोगों ने आग लगी हुई देखी। जब वे भागकर उस स्थान पर पहुंचे तो उन्होंने मिलिट्री हेलिकॉप्टर के अवशेषों को आग की लपटों से घिरा देखा। प्रशासन से एक बचाव दल उस जगह पर पहुंचा।