कोटा
हाड़ौती की जनता को अभेडा बायोलॉजिकल पार्क में नए चिड़ियाघर की सौगात मिली है। लगभग 715 बीघा (143 हैक्टर ) में फैला यह चिड़ियाघर अपने आप में अनोखा होगा। यहां करीब 20 हजार पौधे लगाए गए है। पहले फेज में 17 एनक्लोजर बनाए गए हैं। इनमें जानवरों और पक्षियों को रखा गया है। वन्यजीव को देखने के लिए 3 किलोमीटर लंबा कोबल पाथ (ट्रैक) बनाया गया है। इस ट्रैक पर चलकर पर्यटकों को जंगल का एहसास होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज इसका वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। अगले 5 से 7 दिन में इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।