बीकानेर
बीते दो दिनों की तरह रविवार को भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर जारी रहा। तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रिकार्ड किया गया। सुबह धीमी गति की हवा भी शूल सी चुभती रही। गांव में कई जगह से ओस जमने की खबर आई। खाजूवाला में सुबह ओस की बूंदें मोती की तरह जमी नजर आई।
लूणकरणसर के चक 286 आरडी में सिंचाई विभाग की पाइप लाइन में पानी जम गया। चूरू से सटे श्रीडूंगरगढ़ के कई गांवों में झाड़ियाें से लिपटी, लटकी ओस बर्फ बनी मिली। इससे फसलों काे भी नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। पाळे पड़ने की चेतावनी मौसम विभाग पहले ही दे चुका है। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।