मां भद्रकाली स्वर्णकार सेवा समिति की पहल हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन की मां भद्रकाली स्वर्णकार सेवा समिति के सदस्यों की ओर से कड़ाके की ठण्ड से बचाव के लिए गांव कोहला स्थित मानव सेवा आश्रम में रह रहे जरूरतमंद बेसहारा नागरिकों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए। समिति सदस्यों की ओर से इस दौरान 20 कंबल, 20 गद्दे व 50 गर्म स्वेटर वितरित किए गए। इस मौके पर संस्थान के संतलाल खण्डेलवाल ने बताया कि लावारिस हालत में मिले नागरिकों को आश्रम में आश्रय देकर उनके रहने, भोजन आदि की व्यवस्था की जाती है। जन सहयोग से संस्थान पिछले तीन साल से मानव सेवा में कार्यरत है। समय-समय पर चिकित्सक की ओर से यहां रहने वाले नागरिकों की जांच की जाती है। आवश्यक पड़ने पर अस्पताल में भी भर्ती करवाया जाता है। यह संस्थान लावारिस नागरिकों के लिए पूरी तरह समर्पित है। वर्तमान में आश्रम में 35 नागरिक रह रहे हैं। इनमें अधिकतर वे नागरिक हैं जो दिमागी रूप से परेशान हैं। सर्दी के मौसम में इन नागरिकों के लिए गर्म कपड़ों की कमी महसूस हो रही थी। सहयोग के लिए अपील की जा रही थी। इसी दौरान मां भद्रकाली स्वर्णकार सेवा समिति के पदाधिकारी उनके सम्पर्क में आए और गर्म वस्त्रों की व्यवस्था करवाई। उन्होंने इसके लिए समिति का आभार व्यक्त किया। साथ ही नागरिकों से अपील की कि अगर उन्हें कोई लावारिस व्यक्ति मिलता है तो इसकी सूचना संस्थान को दें। संस्थान सदस्य उस व्यक्ति को आश्रम में लाकर देखभाल की व्यवस्था करेंगे। मां भद्रकाली स्वर्णकार सेवा समिति अध्यक्ष पवन सोनी ने बताया कि आश्रम का पता चलने पर उन्होंने आश्रम का दौरा कर यहां के हालात जाने। इसके चलते गर्म वस्त्रों की जरूरत समझते हुए कंबल, गद्दे व स्वेटरें उपलब्ध करवाई गई हैं। करीब एक माह पहले भी आश्रम को करीब 40 कंबल उपलब्ध करवाए गए थे। उन्होंने नागरिकों से भी आश्रम में रहने वाले बेसहारा नागरिकों के लिए आगे आकर मदद करने का आह्वान किया। इस मौके पर समिति के सूचना प्रचार मंत्री हरीश कुमार सोनी, सोनू जैन, मोनू जैन, दर्शनलाल सोनी, रोहतक सोनी, जितेन्द्र सोनी, सतविंद्र सोनी, लाभचन्द सोनी आदि मौजूद थे।