दुबई
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को नई टेस्ट और टी-20 रैंकिंग जारी की। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में जो रूट को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। जबकि इंग्लैंड के कप्तान रूट अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली को भी नुकसान उठाना पड़ा है। कोहली अब एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें पायदान पर खिसक गए हैं। कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच खेला था और कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।
टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पांच में कोई बदलाव नहीं हुआ है और स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन और रोहित शर्मा क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर बरकरार हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में पैट कमिंस शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी दूसरे स्थान पर काबिज हैं। इनके अलावा शाहीन अफरीदी तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। जबकि टिम साऊदी और जोस हेजलवुड क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इनके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को बड़ा फायदा हुआ है और वह चार स्थान के फायदे के साथ नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं।