बीकानेर
बीकानेर जिले में 331 ऐसे महिलाएं हैं जो कोरोना वायरस के कारण अपने पति को खाे चुकी हैं। दो सगे भाई भी हैं जिनके माता-पिता दोनों की मृत्यु कोरोना के कारण हुई है। इन सभी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आर्थिक सहायता दी है। सरकार की कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की योजना है।
इसमें बीकानेर की 331 विधवा महिलाएं, उनके 169 बच्चों और माता-पिता दोनों को खो चुके सगे भाइयों को शामिल किया गया है। विधवा महिलाओं को एकमुश्त एक-एक लाख रुपए की सहायता दी गई है। इसके अलावा उन्हें हर माह 1500 रुपए पेंशन भी दी जाएगी। इन महिलाओं के 169 बच्चों को भी 18 साल के होने तक हर माह 1000 रुपए मिलेंगे और 18 साल के बाद स्कूल ड्रेस और किताबों के लिए वार्षिक अनुदान भी दिया जाएगा।
इसके अलावा कोरोना के कारण माता-पिता की मृत्यु होने पर बीएससी प्रथम वर्ष और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो सगे भाइयों को भी एक-एक लाख रुपए दिए गए हैं। दोनों भाइयों की उम्र 18 साल होने तक प्रतिमाह 2500 रुपए और 18 साल पूरे होने पर एकमुश्त पांच-पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। उप निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि कोरोना से मृत्यु पर उनके परिजनों को आर्थिक राहत में तीन केटेगरी तय की गई है। चिकित्सा विभाग और नगर निगम के सहयोग से विधवा महिलाओं और माता-पिता को खोने वाले बच्चों को चिह्नित कर उन्हें सहायता दी गई है।