श्रीगंगानगर
जिले में कोरोना के 117 एक्टिव केस सामने आने के बाद हेल्थ डिपार्टमेंट ने कोविड प्रिकॉशन डोज देना शुरू की है। शुरुआत में यह डोज केवल हेल्थ वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और साठ साल से ज्यादा के गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को ही लगाई जा रही है। सरकारी अस्पताल में सीएमएचओ डॉ. जीएल मेहरड़ा, पीएमओ डॉ. बलदेव सिंह, सरकारी अस्पताल के डिप्टी कंट्रोलर डॉ. प्रेम बजाज और अन्य अफसरों ने डोज लगवाई। इन लोगों ने शहर के लेागों से भी ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन करवाने का आग्रह किया है।
सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर्स
कोरोना से सबसे ज्यादा जूझने वालों में हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स हैं। इन लोगों को प्रिकॉशन डोज देने का बड़ा कारण यह है कि कोरोना से संघर्ष में यहीं लोग सबसे आगे रहते हैं। इसमें केवल वही हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स डोज लगवा सकेंगे जिन्हें दूसरी डोज लिए नौ माह या उससे ज्याद का समय हो चुका है। डोज लगवाने वालों को फिर से रजिस्ट्रेशन की भी जरूरत नहीं है।
लगातार बढ़ रहा कोरोना
इलाके में इन दिनों लगातार कोरोना बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिन देखें तो बड़ी संख्या में रोगी सामने आए हैं। रविवार को तीस रोगी सामने आए वहीं शनिवार का दिन राहत देने वाला रहा। इस दिन केवल एक कोरोना रोगी ही मिला। इससे पहले के दिनों में दो दिन में 48 रोगी सामने आए थे। ऐसे में रोगियों की बड़ी संख्या को देखते हुए जिले में प्रिकॉशन डोज की शुरुआत कर दी गई।
सुरक्षित रहिए, प्रिकॉशन डोज लगवाए
सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा ने उन लोगों को वैक्सीन लगवाने का आग्रह किया है जिन्होंने अब तक पहली या दूसरी डोज नहीं लगवाई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिले में करीब 160 केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक एज ग्रुप के लोगों के लिए कोविड वैक्सीनेशन होगा, जहां कोवेक्सीन व कोविशिल्ड निर्धारित केंद्र अनुसार उपलब्ध होगी। वहीं 15-18 वर्ष आयु वर्ग के लिए 109 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां केवल कोवेक्सीन लगेगी।