94वां अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर अवॉर्ड इस साल 27 मार्च को प्रसारित किया जाएगा। पूरे तीन सालों बाद इस अवॉर्ड को एक होस्ट संचालित करता दिखाई देगा। इसकी घोषणा हुलु ओरिजिनल्स और एबीसी एंटरटेनमेंट के अध्यक्ष क्रेग एरविच ने एक प्रेस टूर के दौरान की।
नहीं बताया कौन होगा होस्ट
क्रेग ने अभी इस बात का खुलासा नहीं किया है कि होस्ट कौन होगा। उन्होंने ऑस्कर अवॉर्ड्स के कार्यकारी निर्माता ‘विल पैकर’ के साथ मजाक करते हुए कहा, “होस्ट मैं हो सकता हूं। मुझे विल पर पूरा यकीन है, उनकी लोकप्रिय संस्कृति और मनोरंजन पर मजबूत पकड़ है। उनके पास बहुत कुछ अच्छा है और वह जल्द ही हमारे से यह सब शेयर करेंगे।”
ये कर चुके हैं ऑस्कर होस्ट
2017 और 2018 में जिमी किम्मेल ने ऑस्कर होस्ट किया था। वे यह होस्ट करने वाले आखिरी होस्ट थे। इनसे पहले बहुत लोगों नें इसे होस्ट किया जिनमें क्रिस रॉक (2016), नील पैट्रिक हैरिस (2015), एलेन डीजेनरेस (2014), सेथ मैकफर्लेन (2013), बिली क्रिस्टल (2012) और जेम्स फ्रेंको/ऐनी हैथवे (2011) रहे। ऑस्कर साल 2019 में पहली बार होस्ट के बिना प्रसारित हुआ था। इस साल अकेदमी ने अवार्ड को होस्ट करने की जिम्मेदारी ‘केविन हार्ट’ को दी थी लेकिन केविन ने इसे छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने ये फैसला तब लिया जब संगठन द्वारा उनसे सालों पहले करे गए ‘होमोफोबिक ट्वीट्स’ के लिए माफी मांगने कहा था।