नई दिल्ली
भारत विविधताओं का देश है। यहां एक ही राज्य में अलग अलग संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक खूबसूरती देखने को मिल जाती है, तो ऐसे में समुचित भारत में कई खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं, जो विश्व को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। भारत के कुछ पर्यटन स्थल तो विदेशों तक में इतने मशहूर हैं कि जब कोई विदेशी भारत आता है तो वहां जरूर घूमने जाना चाहता है। इन्हीं पर्यटन स्थलों की विशेषताएं और खूबसूरती के दुनियाभर में प्रचार प्रसार के हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाया जाता है। देश की अर्थव्यवस्था के लिए पर्यटन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए भारत सरकार ने पर्यटन दिवस मनाने का फैसला लिया। पर्यटन से करोड़ों लोगों को रोजगार मिलता है। वहीं भारत की ऐतिहासिकता, खूबसूरती और संस्कृति का प्रसार भी होता है। वैसे तो भारत में कश्मीर से कन्याकुमारी तक कई शानदार पर्यटन स्थल हैं लेकिन कुछ ऐसे भी स्थल हैं जो विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
आगरा का ताज महल, यूपी
दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल भारत में स्थित है। यह हमेशा से ही भारतीय और विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। कोई आम भारतीय पर्यटक हो या फिर किसी देश के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री, आगरा जाने से नहीं चूकते। खास बात ये है कि आगरा में केवल ताज महल ही नहीं है। यहां आने वाले पर्यटक आगरा का किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा, रामबाग और सिकंदर का किला जैसे ऐतिहासिक स्थलों को घूम सकते हैं।
गोवा
भारत का सबसे छोटा राज्य सबसे अधिक पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। विदेशों में भले ही कई बीच और खूबसूरत समुद्री जगहें हों लेकिन गोवा की खूबसूरती किसी विदेशी बीच से कम नहीं है। यहां के खूबसूरत समुद्री किनारे दुनिया भर में मशहूर हैं। गोवा के सी-फूड का स्वाद और वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भारतीयों के साथ विदेशी भी लेते हैं।
राजस्थान
रेतीला कहो या रंगीला, राजस्थान की खूबसूरती हर किसी को अपनी ओर खींचती है। राजस्थान में जयपुर से लेकर जैसलमेर तक और उदयपुर से लेकर माउंट आबू तक हर शहर में आपको कोई न कोई खूबसूरत शानदार नजारा दिख ही जाएगा। यहां के ऐतिहासिक महल या किले, झीले, रेगिस्तान की वादियां पर्यटकों को हर तरह से संतुष्ट करते हैं।
कश्मीर
कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है और इस स्वर्ग की खूबसूरती हर पर्यटक को अपनी ओर खींचती है। कश्मीर की सुंदरता और प्राकृतिक वातावरण दुनिया भर में मशहूर है। कश्मीर में आप गुलमर्ग, डल झील,परी महल, पहलगाम और नागिन झील घूम सकते हैं।
दिल्ली
दिल्ली सिर्फ भारत की राजधानी के तौर पर मशहूर नहीं है, यहां के पर्यटन स्थल भी इसे मशहूर बनाते हैं। दिल्ली पर्यटकों की लिस्ट में पहले नंबर पर होती है। दिल्ली में लाल किला, इंडिया गेट, राष्ट्रपति भवन, जामा मस्जिद, हुमायूं मकबरा, कुतुब मीनार समेत कई पर्यटन स्थल हैं जो विदेशी और भारतीय दोनों पर्यटकों को भाते हैं।