अजमेर
अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जिम्नाटिक्स का वीडियो बनाने वाली युवती ने माफी मांगी है। युवती ने दरगाह कमेटी को माफी नामा ईमेल किया है। इसके बाद दरगाह कमेटी ने भी शिकायत वापस ले ली। इसके साथ दरगाह परिसर में वीडियो और फोटोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
युवती ने दरगाह कमेटी को भेजे गए ई-मेल में लिखा है- आदरणीय सहायक नाजिम साहिब, मैं सोशल मीडिया के TIKKI एप्लिकेशन पर जिम्नास्टिक्स स्टंट के वीडियो डालती रहती हूं। मेरे 1 लाख 58 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। मेरे द्वारा दरगाह में बनाया गया वीडियो किसी भी जाति धर्म अथवा समुदाय को आघात पहुंचाने के लिए नहीं था। परंतु फिर भी आप को ठेस पहुंची है तो मैं आपसे क्षमा मांगती हूं। मैं यह वीडियो हमेशा के लिए डिलीट कर रही हूं। भविष्य में ऐसा नहीं होगा, इसका वादा करती हूं। अजमेर दरगाह शरीफ के प्रति मेरी बेहद आस्था है। मेरी दरगाह को अपमानित करने की बिल्कुल भी मंशा नहीं थी, मुझे माफ करें।
दरगाह कमेटी के सहायक नाजिम आदिल ने बताया कि युवती द्वारा प्राप्त ई-मेल पर दरगाह कमेटी चेयरमैन अमीन पठान ने भी युवती को माफ करने का निर्णय लिया और साथ ही हिदायत दी कि वह भविष्य में आदर व सम्मान वाले किसी भी स्थान पर इस तरह से कोई वीडियो या फोटोग्राफी ना करवाएं।