उदयपुर
राजसमंद के एक गांव में पंचों के तालिबानी फैसले के तहत पति-पत्नी को गांव में सरेआम लाठी-डंडों में पीटा गया। दरअसल, महिला अपने पहले पति को छोड़ नाता प्रथा के तहत उदयपुर में दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। यह ससुराल वालों को सहन नहीं हुआ। वे महिला और उसके दूसरे पति को अपने गांव ले आए। पंचों ने सजा देने का तालिबानी फरमान सुनाया। इसके बाद महिला और दूसरे पति को रस्सियों से बांध दिया। लोग उन्हें 2 घंटे तक पीटते रहे।
सास ने थप्पड़ मारे तो दूसरी महिला ने जमकर डंडे बरसाए। केलवाड़ा के माचड़ गांव का यह मामला 6 दिन पुराना है, लेकिन समाज व पंचों के डर से कोई कुछ नहीं बोल पाया। अब बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया तो पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाई और गोगुंदा थाने में पहले पति समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
करीब एक महीने पहले महिला से दूसरी शादी करने वाले उदयपुर जिले के गोगुंदा के मारूवास निवासी पति ने बताया, ‘ हम दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। शादी के बाद पत्नी के साथ मैं अपने घर में रह रहा था। इसी बीच 11 जनवरी को महिला का पूर्व पति तुलसी राम गमेती और समाज के कुछ दबंग मेरे घर आए। घर में तोड़फोड़ करते हुए हमें बंधक बनाकर पिकअप कार में डालकर केलवाड़ा के पास माचड़ गांव ले गए।