Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अहमदाबाद और लखनऊ फ्रेंचाइजी 24 घंटे में कर सकती है तीन बड़ी घोषणाएं

नई दिल्ली 

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 12 और 13 फरवरी को लखनऊ में होनी है। उससे पहले दो नई  टीमों अहमदाबाद और लखनऊ को ड्राफ्ट द्वारा चुने गए अपने तीन-तीन खिलाड़ियों की सूची जारी करनी है। इसके लिए बीसीसीआई ने उन्हें शनिवार (22 जनवरी) तक का समय दिया है। ऐसे में शनिवार का दिन आईपीएल के प्रशंसकों के लिए बड़ा होने वाला है। दोनों टीमों द्वारा कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं।

कप्तानों की आधिकारिक घोषणा: लखनऊ और अहमदाबाद की टीमें आधिकारिक तौर पर अपने कप्तानों की घोषणा कर सकती हैं। हालांकि, बीसीसीआई द्वारा 22 जनवरी की समय सीमा तक टीम के कप्तानों की घोषणा करना अनिवार्य नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों टीमें शनिवार को आधिकारिक तौर पर अपने कप्तानों की घोषणा करेंगी। माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या को अहमदाबाद टीम का कप्तान बनाया जाएगा और केएल राहुल को लखनऊ टीम का कप्तान घोषित किया जाएगा।

ड्राफ्ट द्वारा चुने गए खिलाड़ियों की आधिकारिक घोषणा: बीसीसीआई द्वारा निर्धारित समय सीमा के अनुसार, लखनऊ और अहमदाबाद आधिकारिक तौर पर ड्राफ्ट के जरिए चुने गए अपने तीन खिलाड़ियों की सूची बोर्ड को देनी है। बीसीसीआई शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा।

ईएसपीएन क्रिकइंफो डॉट कॉम के मुताबिक, लखनऊ की टीम ने पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान केएल राहुल को 15 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को 11 करोड़ और पंजाब किंग्स के पूर्व लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को चार करोड़ में चुना है। दूसरी ओर, अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को 15 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व लेग स्पिनर राशिद खान को 15 करोड़ और कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व ओपनर शुभमन गिल को सात करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।