Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब: कैप्टन अमरिंदर का बड़ा आरोप-अवैध रेत खनन में हिस्सेदार हैं सीएम चन्नी, सिद्धू के पास सोचने की भी ताकत नहीं

चंडीगढ़ 

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी पर बड़ा आरोप लगाया। मीडिया से बातचीत में कैप्टन ने कहा कि सीएम चन्नी अवैध रेत खनन में हिस्सेदार हैं। साथ ही उन्होंने पीपीसीसी प्रधान नवजोत सिद्धू के बारे में कहा कि उनमें सोचने की भी ताकत नहीं है। 

पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस डरी हुई है। उन्होंने कहा कि सिद्धू असंतुलित व्यक्ति हैं। कौन किसको घर बैठाता है, सिद्धू को ये बात वक्त बताएगा। उन्होंने कहा कि सिद्धू और चन्नी पंजाब के लिए सही नहीं हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल के पास विकास का कोई मॉडल नहीं है। आप के सीएम चेहरे भगवंत मान के बारे में कैप्टन ने कहा कि वे कॉमेडियन हैं। पंजाब को कॉमेडी नहीं, गंभीरता की जरूरत है। 

पीएम की सुरक्षा में लापरवाही की गई

शुक्रवार को भी कैप्टन ने मुख्यमंत्री चन्नी पर आरोप लगाया था कि उनकी सरकार ने स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री के काफिले की नाकाबंदी की योजना बनाई थी, जिसके कारण प्रधानमंत्री की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जाहिर तौर पर चन्नी सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया था कि किसानों को वहां से न हटाया जाए, जो भाजपा की बसों को वहां से निकलने से रोक रहे थे। 

उक्त घटना को सुरक्षा की बड़ी कमी बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संवैधानिक प्रमुख को ऐसी घटना का सामना नहीं करना चाहिए था जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से निकटता के कारण प्रधानमंत्री के जीवन के लिए खतरा हो सकती थी। कैप्टन ने कहा कि चन्नी एक अविश्वसनीय व्यक्ति के रूप में उभरे हैं, जिन्होंने पिछले तीन महीनों में पंजाब में तबादलों और नियुक्तियों को एक उद्योग बना दिया है। 

कैप्टन ने चन्नी सरकार को सूटकेस सरकार बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा चन्नी के रिश्तेदारों से की गई जब्ती उस मामले का फालोअप है, जिसकी जांच के आदेश उन्होंने सरकार का नेतृत्व करते हुए दिए थे। पीएलसी प्रमुख ने कहा कि नए मुख्यमंत्री ने पद संभालने के बाद पोस्टिंग और तबादलों के अलावा कुछ नहीं किया।