श्रीगंगानगर
शहर के सुखाड़िया मार्ग स्थित टांटिया हॉस्पिटल पर गुरुवार सुबह फायरिंग के मामले में अब तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुबूत नहीं लगा है। हालांकि पुलिस टीमें इस मामले में पंजाब के किसी व्यक्ति का हाथ होने की आशंका जताते हुए पंजाब के निकटवर्ती गांवों की तरफ भी जांच कर लौटी हैं लेकिन अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई हैं।
पुराने रोगियों का रिकॉर्ड खंगाला
ऐसे रोगियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है जो पिछले कुछ समय के दौरान टांटिया हॉस्पिटल में भर्ती रहे हों अथवा इलाज के दौरान किसी रोगी के परिजनों का हॉस्पिटल मैनेजमेंट से विवाद हुआ हो। ऐसे किसी रोगी का भी अब तक पता नहीं चला है। इलाके का प्रमुख अस्पताल होने और यहां हर दिन बड़ी संख्या में पंजाब के रोगी आने के चलते पुलिस को उस इलाके के लोगों का वारदात में हाथ होने की आशंका थी लेकिन वह भी सही साबित नहीं हुई।
धमकाने जैसा भी कोई मामला नहीं
वारदात होने के साथ ही पुलिस को आशंका थी कि इस मामले में हॉस्पिटल मैनेजमेंट को रुपए की मांग या धमकाने जैसा कोई फोन आ सकता है लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। इस बीच हॉस्पिटल संचालकों को सुरक्षा उपलब्ध करवा दी गई है।
कर रहे हैं कइयों से पूछताछ
जांच अधिकारी एसआई रामविलास ने बताया कि इस मामले में वारदात की फुटेज देखने के बाद आरोपियों के हुलिए के आधार पर पंजाब इलाके में दबिश दी है लेकिन अब तक कुछ मिला नहीं है। पहले फायरिंग जैसे मामलों से जुड़े रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।