Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिला कलक्टर ने किया विद्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास

मिर्जावाली मेर (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव में गणतंत्र दिवस पर बुधवार शाम को स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नए भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला कलेक्टर नथमल डिडेल व एसडीएम मांगी लाल सुथार, बीडीओ भंवर लाल स्वामी, सीडीईओ वीरेंद्र सिंह, एडीपीसी जय सिंह रिणवा, डीईओ माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, सीबीईओ दलीप पारीक, एसीबीईओ कृष्ण गोदारा, जिला परिषद सदस्य प्रवीणा मेघवाल, सरपंच दर्शना सहारण मौजूद रहे। गांव के भामाशाहों के जन सहयोग से 40 लाख रुपए और सीएमजेवाई के अंतर्गत 60 लाख रुपए कुल एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विद्यालय के नए भवन निर्माण की पुजारी बनवारी शर्मा द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के साथ भूमि पूजन के साथ आधारशिला रखी गई। इस मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने शाला भवन निर्माण के लिए ग्रामीणों के सहयोग की तारीफ करते हुए कहा की शिक्षा के क्षेत्र में जनसहयोग करना सराहनीय कार्य है। यह गांव के इतिहास में स्वर्णिम अवसर साबित होगा। जिला कलेक्टर ने कहा की आज वो जिस पद पर पहुंचें है, केवल शिक्षा के माध्यम से पहुंचे हैं। यह बात जानकर अच्छा लगा है कि यहां गांव में हर मौहल्ले-गली में सरकारी सेवा में चयन हो रहा है और यह गौरव की बात है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर ऐसे भवन की नींव रखी है। सरकारी नौकरी में जाने के लिए कोई बच्चा, युवा अपना सपना छोटा न रखें। जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने खुद के बारे में बताया कि वे नागौर के रहने वाले हैं। हिन्दी माध्यम से पढ़ाई करके इस पद तक पहुंचे हैं। जिला कलेक्टर ने विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत टांटिया के प्रयासों की तारीफ की। लीलाधर नोखवाल को सम्मानित किया गया तथा भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के बाद में बालिका विद्यालय में सोहनलाल मील द्वारा कमरा निर्माण करवाए जाने की आधारशिला रखी।