मैत्री क्रिकेट मैच में पुलिस-प्रशासन एकादश को लगातार तीसरी बाद दी पटखनी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर बुधवार को जिला क्रिकेट क्लब में खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में पत्रकार एकादश की टीम ने पुलिस-प्रशासन एकादश की टीम को सात विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही पत्रकार एकादश ने जीत की हेट्रिक लगाई। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस व 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौकों पर हुए मैत्री क्रिकेट मैचों में पत्रकार एकादश लगातार तीसरी बार विजयी रहा। बुधवार को हुए मुकाबले में क्रिकेट का रोमांच अंतिम ओवर तक बना रहा। निर्धारित 20 ओवर में 177 रन के विशाल लक्ष्य को पत्रकार एकादश की टीम ने दो गेंद और सात विकेट शेष रहते हासिल कर यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। पत्रकार एकादश के ओपनर बल्लेबाज विशाल उर्फ गोल्डी ने 68 गेंदों में 101 रन की उम्दा पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और अंत तक नाबाद रहे। साथ ही पुलिस-प्रशासन एकादश का एक विकेट भी चटकाया। इस दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें मैन आॅफ द मैच चुना गया। इससे पहले जिला कलक्टर नथमल डिडेल की कप्तानी वाली पुलिस-प्रशासन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 176 रन का विशाल स्कोर बनाया। पुलिस-प्रशासन की टीम की तरफ से विनोद नेहरा ने सर्वाधिक 34 (16) रन का योगदान दिया। वहीं पोक्सो जज मदन गोपाल आर्य व सीआई सुभाष कच्छावा ने 27-27 जबकि जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने 24 रन की पारी खेली। वहीं 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। पत्रकार एकादश के गेंदबाज हरदीप सिंह ने 3 ओवर में 25 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। अदरीश खान, हरी चारण, श्याम मिश्रा, विशाल और विक्की पुरोहित की झोली में 1-1 विकेट आया। 177 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने कठिन लग रहे इस लक्ष्य को तीन विकेट खोकर 19.4 ओवर में हासिल कर लिया। विजय मेहंदीरत्ता 17 रन के स्कोर पर नाबाद रहे। इसके अलावा हरी चारण ने 15, विक्की पुरोहित ने 11 व कप्तान अदरीश खान ने 9 रन का योगदान दिया। पुलिस-प्रशासन एकादश के गेंदबाज अशोक व विनोद नेहरा ने 1-1 विकेट हासिल किया। मैच के बाद हुए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में पोक्सो जज मदन गोपाल आर्य, जिला परिषद सीईओ व एडिशनल एसपी जस्साराम बोस ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पहले मैत्री क्रिकेट मैच के उद्घाटन मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह भी मौजूद रहे। मैच में बीसीसीआई पैनल अम्पायर राजीव गोदारा व आरसीए लेवल प्रथम अम्पायर विक्रम सिंह औलख ने अम्पायरिंग की। भीष्म कौशिक ने कॉमेंटेटर की भूमिका निभाई। इस मौके पर जिला प्रशासन एकादश की टीम के खिलाड़ी डीटीओ जगदीश अमरावत, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, भोजराज, रतनसिंह, पत्रकार एकादश टीम के गोपाल झा, श्याम मिश्रा, कपिल शर्मा, मनोज पुरोहित, राहुल, राकेश सहारण, मनीष शर्मा, विक्रम हाडा, बलजीत सिंह, राजेश अग्रवाल, शक्तिसिंह, प्रदीप पाल, कुलदीप शर्मा, आसिफ खान, मैनादेवी आदि मौजूद थे।