Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मध्य प्रदेश-राजस्थान के बीहड़ों में डकैत जगन गुर्जर को तलाश रही पुलिस, विधायक को दी थी धमकी

धौलपुर

राजस्थान में धौलपुर के बीहड़ों में तहलका मचाने वाले 15 हजार के इनामी डकैत जगन गुर्जर की तलाश में पुलिस प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीहड़ों में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी डकैत के पुलिस के हत्थे चढ़ने की बात तो दूर उसका सुराग तक नहीं मिला है। 

जानकारी के मुताबिक, फिलहाल छह टीमों का गठन कर जगन की तलाश के साथ डकैत को मदद पहुंचाने वालों की लिस्ट तैयार की जा रही है। भरतपुर और करौली का पुलिस बल भी धौलपुर बुलाया गया है। इस बीच जानकारी मिली है कि जगन गुर्जर के वीडियो वायरल करने के बाद जाति विशेष के बीच संघर्ष बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्व अलग-अलग वीडियो से एक-दूसरे की जातियों को गाली देते हुए नजर आते हैं।

जगन ने दी थी विधायक को जान से मारने की धमकी
बता दें कि इससे पहले 22 जनवरी को जगन गुर्जर ने वीडियो के जरिए बाड़ी विधायक को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके साथ ही एक अन्य वीडियो में भी जगन गुर्जर ने गाली-गलौच की थी। एक के बाद एक दो वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मामले में धौलपुर में पुलिस ने डकैत जगन गुर्जर के वीडियो वायरल करने के मामले में मोरोली के रहने वाले युवक रामब्रज गुर्जर नामक युवक को गिरफ्तार किया था।