Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रंजिश के चलते खेत में पानी भरने का आरोप

  • मुकदमा दर्ज करवाने के लिए पुलिस थाना में सौंपा परिवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    रंजिश के चलते रात्रि के समय खेत को पानी से भरने का आरोप लगाते हुए एक किसान ने मुकदमा दर्ज करवाने के लिए शनिवार को जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा। जानकारी के अनुसार करतार सिंह पुत्र जगराज सिंह जटसिख निवासी 2 केएनजे ने बताया कि चक नम्बर 5 जेआरके में उसकी 3 बीघा भूमि है जो उसने मिट्टी उठाने के लिए हंसराज सिंधी को ठेके पर दे रखी है। उसकी जमीन से दो बीघा आगे अमरजीत पुत्र जगराज सिंह की जमीन है जो उसने सुखवीर सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी 2 केएनजे को ठेके पर दी हुई है। उसकी जमीन से अमरजीत की जमीन तक एक घरेलू खाला जाता है जिससे वे दोनों नहर व ट्यूबवैल का पानी लगाते हैं। करतार सिंह के अनुसार उसका सुखवीर सिंह से पूर्व में झगड़ा हुआ था जिसमें राजीनामा हो गया था लेकिन सुखवीर सिंह उससे व्यक्तिगत रंजिश रखने लगा। इसके चलते सुखवीर सिंह ने गुरुवार रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे के मध्य घरेलू खाला में ट्यूबवैल का पानी छोड़कर उसकी तीन बीघा जमीन को पानी से भर दिया। इससे मिट्टी उठाने का कार्य बाधित हो गया। मिट्टी उठाने का कार्य रूक जाने की वजह से उसकी फसल की बुआई में देरी हो रही है व लाखों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। करतार सिंह ने सुखवीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर उसे हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की।