Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शेयर बाजार के लिए अहम है अगला सप्ताह, बजट का दिखेगा असर

नई दिल्ली

स्थानीय शेयर बाजारों के लिए यह सप्ताह काफी घटनाक्रमों भरा रहेगा। सप्ताह के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने वाली हैं, जो बाजार को दिशा देंगी। विश्लेषकों का कहना है कि इस सप्ताह आम बजट 2022-23, वृहद आर्थिक आंकड़े, कंपनियों के तिमाही नतीजे और वैश्विक रुख बाजार को दिशा देंगे।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘यह सप्ताह न केवल शेयर बाजार के लिए, बल्कि व्यापक रूप से अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। एक फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा। हमें उम्मीद है कि सरकार वृद्धि के एजेंडा पर आगे बढ़ेगी, लेकिन साथ ही राजकोषीय मजबूती के लिए रूपरेखा भी लाएगी। यह सप्ताह वाहन कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। एक फरवरी को वाहन कंपनियां अपने मासिक बिक्री के आंकड़े पेश करेंगी।’’

उन्होंने कहा कि इसके अलावा सप्ताह के दौरान विनिर्माण और सेवा पीएमआई के आंकड़े भी आने हैं। मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय बजट वैश्विक बिकवाली के बीच घरेलू बाजारों के लिए आगे की दिशा निर्धारित करेगा। ‘‘इसके साथ ही ‘बजट वीक‘ के दौरान बाजार में अस्थिरता अधिक रहती है, इसलिए बाजार भागीदारों को सतर्कता का रुख अपनाना चाहिए।’’