दीनदयाल शर्मा की हिन्दी काव्य कृति हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान साहित्य परिषद्, हनुमानगढ़ संगम की ओर से रविवार को शहीद दिवस पर बाल साहित्यकार एवं कवि दीनदयाल शर्मा की हिन्दी काव्य कृति ‘जहां मैं खड़ा हूं’ का लोकार्पण किया गया। जंक्शन में हुए लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गीतकार डॉ. संदेश त्यागी ने कहा कि कविता अपने देखे-भोगे का तथातथ्य बखानभर नहीं है बल्कि यह व्यक्ति को परिमार्जित कर उसे प्रगति के पथ पर अग्रसर करती है। ‘जहां मैं खड़ा हूं’ कृति के माध्यम से कवि दीनदयाल शर्मा ने एक ओर जहां अपनी साहित्यिक यात्रा के पड़ाव को रेखांकित किया है, वहीं यह संग्रह उनकी संवेदना और सरोकारों की गतिशीलता का द्योतक है। लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि, कथाकार एवं अनुवादक डॉ. मदन गोपाल लड्ढा ने कहा कि कविता उन चीजों और भावों की अपने कथ्य के माध्यम से जागरूक करती है जो हमारे बीच से विस्मृत होती जा रही है।