लाठीचार्ज-हिरासत के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
by seemasandesh
रीट पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग का सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रीट पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी जयपुर में विरोध-प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज और हिरासत के खिलाफ बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए राजस्थान सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार राजस्थान के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और अपने चहेते नेताओं का बचाव कर रही है। उन्होंने मांग की कि रीट पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई से जांच करवा इस मामले में संलिप्त सभी लोगों को बेनकाब किया जाए। विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की जिला कलक्ट्रेट के गेट पर कुछ देर तक पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।