Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अपने आपे में रहिए और घर में रहिए…गाजियाबाद से अखिलेश को शाह की चेतावनी

गाजियाबाद

यूपी विधानसभा चुनाव में दांव आजमा रहे राजनीतिक दल इन दिनों एक-दूसरे पर हमलावर हैं। यूपी में भाजपा के निशाने पर मुख्य रूप से सपा और बसपा है। दोनों ही पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर जमकर कटाक्ष कर रहे हैं। गुरुवार को बुलंदशहर के बाद गाजियाबाद पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह के निशाने पर मुख्य रूप से सपा ही रही। एक दिन पहले गाजियाबाद आए अखिलेश यादव को लेकर अमित शाह ने सीधा हमला बोला।

लोनी में आयोजित भाजपा की जनसभा से गृहमंत्री शाह ने सपा प्रमुख को चेतावनी दे डाली। उन्होंने सख्त लहजा अपनाते हुए कहा, कल अखिलेश बाबू यहां आए, उनके गुंडों ने तांडव किया है। मैं आज यहां कहकर जाता हूं, अपने आपे में रहिए घर में रहिए, ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन्होंने आगे कहा, 2022 का उत्तर प्रदेश चुनाव किसी को विधायक या मंत्री बनाने का चुनाव नहीं है, ये उ.प्र. के माफियाओं को चुन चुनकर समाप्त करने का चुनाव है। ये चुनाव उ.प्र. को देश में सबसे विकसित राज्य बनाने का चुनाव है।