बीकानेर
बीकानेर के नोखा और पांचू सहित आसपास के करीब पचास किलोमीटर एरिया में तेज धमाका हुआ है, जिससे फर्नीचर और बर्तन सहित कई सामान अपनी जगह से खिसक गए। दहशत में लोग अपने घरों के सिलेंडर संभालने पहुंचे कि कहीं उसमें तो आग नहीं लगी। धमाके के कारणों का अब तक पता नहीं चल सकता है, वहीं माना जा रहा है कि किसी लड़ाकू विमान से निकलने वाली सामान्य आवाज थी। नोखा पुलिस ने धमाके का पता लगाने के लिए अपने बीट कांस्टेबल्स को अलर्ट किया है।
नोखा में करीब ग्यारह बजे तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि लोग घरों से बाहर निकल गए। घरों में रखे फर्नीचर और बर्तन तक में कंपन हुआ। कुछ लोगों को लगा कि ये भूकंप की आवाज है। किसी को लगा कि आसपास कोई बम फटा है। किसी ने मकान गिरने की आशंका जताई। नोखा और पांचू में लोगों ने एक दूसरे को फोन करने शुरू कर दिए। ये आवाज नागौर के कुछ गांवों तक भी सुनाई दी। नोखा थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि ग्यारह बजे के आसपास हुई इस धमाके के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पांचू और नागौर तक से लोगों ने फोन करके इस बारे में जानकारी ली है। करीब पचास किलोमीटर एरिया में ये आवाज सुनाई दी है।