नई दिल्ली
सरकार सोशल मीडिया पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है। सोशल मीडिया कंपनियों के लिए कड़े नियम बनाने पर विचार किया जा रहा है। यह बात इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड इन्फॉर्मेशन टेक्नॉलजी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में कही। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर नागरिकों की सुरक्षा के लिए सरकार सोशल मीडिया कंपनियों के लिए नियम कड़े करने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस सांसद के सवाल का जवाब दे रहे थे वैष्णव
वैष्णव ने कहा, अगर सदन में सहमति बनी तो वे चाहते हैं कि सोशल मीडिया को लेकर सख्त नियम बनाए जाएं। कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने यह बात कही। आनंद शर्मा ने पूछा था कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए क्या किया जा रहा है। वैष्णव ने कहा कि कड़े नियमों की वजह से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा, ‘सरकार संवैधानिक दायरे में रहकर काम कर रही है। इसमें राज्य और केंद्र के कामों को भी बताया गया है। रिपोर्ट्स के आधार पर लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसियां अपना काम करती हैं। इसके अलावा सेंट्रल पोर्टल भी हैं जहां पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।’ आनंद शर्मा की बात पर सहमति जताते हुए मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों की भी जिम्मेदारी है कि वे लोगों की सुरक्षा के लिए आगे बढ़कर आएं।