जेल के बंदियों का भी होगा स्किल डवलपमेंट, हुनरमंद होकर निकलेंगे बाहर
by seemasandesh
पुस्तकालय का भी होगा निर्माण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अब प्रदेश की गहलोत सरकार जेलों में बंद बंदियों को प्रशिक्षण दिलाएगी। बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। उनके लिए कौशल विकास के कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि जेल से छूटने के बाद वे सही सोच के साथ सामान्य जीवन जी सकें। इस संबंध में कारागार राजस्थान जयपुर के महानिदेशक एवं महानिरीक्षक की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। प्रदेश सरकार की मंशा है कि कारागारों में बंदियों के व्यवहार में व्यापक सुधार के प्रयास किए जाने चाहिए। बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। उनके लिए कौशल विकास के कार्यक्रम संचालित किए जाएं। इन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बंदी आत्मनिर्भर बन सकेंगे एवं जेल से बाहर निकलकर एक बेहतर जीवन यापन कर सकेंगे। हनुमानगढ़ जिला कारागृह के उप कारापाल मोहम्मद इकबाल भाटी ने बताया कि कारागार राजस्थान जयपुर के महानिदेशक एवं महानिरीक्षक की ओर से आदेश दिए गए हैं कि जेल में नाबार्ड के माध्यम से कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जाएं।