टाउन की इन्दिरा कॉलोनी स्थित सूने घर से नकदी-जेवरात पार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन की इन्दिरा कॉलोनी में सूने पड़े एक मकान के ताले तोड़कर अज्ञात जना नकदी-जेवरात व मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। इस संबंध में मकान मालिक की रिपोर्ट पर टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार रामदत्त (32) पुत्र नागर मल निवासी इन्दिरा कॉलोनी, वार्ड नम्बर 31, टाउन ने रिपोर्ट दी कि वह सुभाष चौक पर कृष्णा ट्रेडिंग कम्पनी के नाम से किरयाना की दुकान करता है। गुरुवार को उसके बच्चे अबोहर गए हुए थे जबकि वह खुद अपनी पुश्तैनी गांव किशनपुरा में अपने माता-पिता के पास गया हुआ था। शुक्रवार को उसके पड़ोसी राजकुमार मिड्ढा ने फोन पर सूचना दी कि घर के ताले टूटे हुए हैं और गेट खुला हुआ है। वह तुरन्त आकर अपने घर को संभाले। इस पर वह सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद अपने घर पहुंचा तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। उसने अपने घर में कीमती सामान को संभाला तो 93 हजार रुपए की नकदी, तीन अंगूठी, दो चेन, एक मंगलसूत्र व एक मोबाइल फोन गायब था। यह सब सामान अज्ञात जना चोरी कर ले गया। पुलिस ने अज्ञात जने के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई दरियासिंह को सौंपी है।