मुंबई
स्वर कोकिला लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) का निधन हो गया है। रविवार को सुबह आठ बजकर 12 मिनट पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली। लता मंगेशकर के निधन पर राष्ट्रपति से प्रधानमंत्री तक ने शोक जाहिर किया है। वहीं सिनेमाई दुनिया के सितारे भी उन्हें सोशल मीडिया पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। लता को भारत की ‘सुर साम्राज्ञी’ के नाम से जाना जाता है और उनको देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जा चुका है। लता मंगेशकर को पद्म भूषण, पद्म विभूषण और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। लता मंगेशकर को कारों, कुत्तों और क्रिकेट का शौक था।
नाटक देखने विदेश पहुंची थीं लता मंगेशकर
अपनी आवाज और गीतों से सभी का दिलों पर राज करने वालीं लता मंगेशकर दुनिया के विभिन्न संगीतकारों को सुनना पसंद करती थीं। मोज़ार्ट, बिथोवन, शोपिन, नैट किंग कोल, बीटल्स, बारबरा स्ट्रीसैंड और हैरी बेलाफोंट को लता मंगेशकर सुनना पसंद करती थीं। बताया जाता है कि एक बार लता मंगेशकर, एक्ट्रेस मार्लिन डीट्रिख को स्टेज पर एक्टिंग करते हुए देखने के लिए विदेश तक गई थीं। वहीं लता को स्वीडन की एक्ट्रेस इनग्रिड बर्गमैन के प्ले देखना भी बहुत पसंद था।