नई दिल्ली
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले दो मैच जीतकर अजेय बढ़त बना ली है। पूर्व कप्तान विराट कोहली अभी तक दो पारियों में महज 26 रन ही बनाने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में फैन्स फिर कोहली की फॉर्म को लेकर सवाल उठाने लगे हैं। इस मुद्दे पर बात करते हुए लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने बड़ा बयान दिया है। गावस्कर का कहना है कि कोहली खराब फॉर्म से नहीं गुजर रहे हैं, बल्कि इस समय उनका लक उनका साथ नहीं दे रहा है।कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में काफी आक्रामक शुरुआत की थी। इस मैच में अल्जारी जोसेफ ने उन्हें बाउंसर पर फंसाते हुए 8 के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखाया थी। वहीं, दूसरे वनडे में कोहली रोहित शर्मा का विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे थे और उस समय उन्होंने पंत का बखूबी साथ दिया। जब वह 3 चौकों की मदद से 18 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब ओडियन स्मिथ की बाहर जाती गेंद पर वह आउट हुए।